राष्ट्र संवाद संवाददाता
ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के सिल्ली-रांगामाटी सड़क स्थित तुता मोड़ के पास गुरुवार को जमशेदपुर से मिलन चौक जाने के क्रम में तुफान बस की सामने से आ रहे ईंटा लदे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। घटना सुबह 9 बजे लगभग की है ,दुर्घटना में बस और ट्रक दोनों के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। अचानक हुए हादसे में दर्जनों यात्री घायल हो गए। स्थानीय निजी क्लीनिक में प्राथमिक उपचार के बाद यात्री गंतव्य चले गए .दुर्घटना के बाद सड़क के बीचोंबीच बस और ट्रक फंस जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और घंटों सड़क जाम रहा।
घटना के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुन आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर ईचगढ़ पुलिस घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
ईचागढ़ पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दुर्घटना के बाद चोरी की भी घटना
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद अफरातफरी का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात लोगों ने बस में लोड दुकानदारों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। मिलन चौक स्थित प्रिया मेडिकल के करीब 50 हजार रुपये मूल्य की दवाइयों की चोरी होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। ईचगढ़ थाना प्रभारी बजरंग महतो ने बताया उन्हें कोई भी सामान बस से चोरी शिकायत नहीं मिली.

