वर्क ऑर्डर की कमी से टाटा मोटर्स में उत्पादन प्रभावित, 29 मई से 4 जून तक बंद रहेगा काम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स में वर्क ऑर्डर की कमी का असर अब उत्पादन व्यवस्था पर साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। कंपनी प्रबंधन ने कर्मचारियों के लिए कंपेंसेटरी ऑफ और ब्लॉक क्लोजर की घोषणा करते हुए इस संबंध में दो अलग-अलग सर्कुलर जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार 29 मई, 30 मई और 1 जून को कर्मचारियों को कंपेंसेटरी ऑफ दिया जाएगा, जबकि 2 जून से 4 जून तक प्लांट में ब्लॉक क्लोजर लागू रहेगा। बीच में 31 मई को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण कंपनी में लगातार सात दिनों तक कामकाज प्रभावित रहेगा।
कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था सभी डिवीजन, विभाग और जनरल ऑफिस पर लागू होगी। हालांकि फाउंड्री डिवीजन में 29 और 30 मई को सामान्य रूप से कार्य होगा, क्योंकि वहां प्रतिपूरक अवकाश लागू नहीं किया गया है।
प्रबंधन की ओर से कहा गया है कि जिन कर्मचारियों को इन दिनों ड्यूटी पर बुलाया जाएगा, उन्हें बाद में निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना कंपेंसेटरी ऑफ लेना होगा। 29 और 30 मई को कार्य करने वाले कर्मचारियों को 31 मई तक तथा 1 जून को ड्यूटी करने वालों को 30 जून तक अपना प्रतिपूरक अवकाश लेने का निर्देश दिया गया है।
कंपनी द्वारा जारी अधिसूचना में बताया गया है कि 15 मार्च, 29 मार्च और 19 अप्रैल को साप्ताहिक अवकाश के दिन कर्मचारियों से काम लिया गया था, जिसके बदले अब प्रतिपूरक अवकाश दिया जा रहा है। वहीं विभागाध्यक्षों को आवश्यक सेवाओं और कॉमन सर्विसेज के संचालन के लिए अलग से समन्वय करने को कहा गया है।
दूसरे सर्कुलर में 19 मार्च को हुए समझौते का हवाला देते हुए 2 से 4 जून तक ब्लॉक क्लोजर लागू करने की जानकारी दी गई है। इस अवधि में प्रभावित कर्मचारियों को आधे दिनों के लिए अपना पीएल या सीएल उपयोग करना होगा, जबकि शेष अवधि का सामान्य वेतन कंपनी की ओर से दिया जाएगा। साथ ही ब्लॉक क्लोजर के दौरान जिन कर्मचारियों को ड्यूटी पर बुलाया जाएगा, उन्हें अनिवार्य रूप से कार्यस्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।

