विद्यालय का ताला तोड़ चोरों ने उड़ाया मध्याह्न भोजन का चावल व गैस सिलेंडर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। ईचागढ़ थाना क्षेत्र के मध्य विद्यालय लेपाटांड़ में रविवार रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर विद्यालय में रखे मध्याह्न भोजन का चावल और गैस सिलेंडर चोरी कर लिया। चोरी की इस घटना से विद्यालय प्रबंधन समिति समेत ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
प्रधानाध्यापक हेमंत कुमार महतो ने बताया कि सोमवार सुबह जब वे विद्यालय पहुंचे तो देखा कि विद्यालय भवन के मुख्य गेट, किचन शेड और गोदाम का ताला टूटा हुआ है। जांच करने पर पता चला कि गोदाम में रखा सात बोरा चावल और दो गैस सिलेंडर गायब हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बुद्धेश्वर उरांव, मुखिया रागिनी उरांव, पशुपति बागची समेत कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चोरी की घटना का जायजा लिया। इसके बाद ईचागढ़ थाना में लिखित सूचना भी दी गई।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी क्षेत्र के प्लस टू उच्च विद्यालय में चोरी की घटना हो चुकी है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।
थाना प्रभारी बजरंग महतो ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।


