सरायकेला महिंद्रा ट्रैक्टर शोरूम में चोरी
*शोरूम की दीवार का शीशा तोड़कर घुसे चोर, 86 हजार नकदी और डीवीआर लेकर फरार, पुलिस ने शुरू की छानबीन*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सरायकेला राजबांध स्थित महिंद्रा ट्रैक्टर शोरूम को निशाना बनाकर चोरों ने 86 हजार रुपये नकद उड़ा लिए। मंगलवार रात हुई इस वारदात में चोर शोरूम के सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। बुधवार सुबह चोरी का पता चलने पर प्रतिष्ठान प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर एसी लगाने के लिए दीवार में बने कटआउट का शीशा तोड़कर शोरूम के भीतर दाखिल हुए। इसके बाद कैश काउंटर का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली। वारदात के दौरान सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर भी गायब कर दिया गया, जिससे घटनास्थल की रिकॉर्डिंग सीधे उपलब्ध नहीं हो सकी।
सूचना मिलने पर सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रबंधन की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
चोरों की पहचान के लिए पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और वे किस रास्ते से आए तथा फरार हुए।

