राजेंद्र नगर सोसाइटी विवाद: उपायुक्त कार्यालय में अनुपम ने आत्मदाह का किया प्रयास
10 महीने से कार्रवाई की मांग को लेकर लगा रहे थे सरकारी दफ्तरों के चक्कर, पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: साकची के राजेंद्र नगर सोसाइटी विवाद को लेकर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अनुपम ने उपायुक्त कार्यालय परिसर में खुद पर क्रॉसिंग तेल छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की तत्परता से बड़ी घटना टल गई। इसके बाद पुलिस ने अनुपम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
हाथों में सरकारी दस्तावेज लेकर कार्रवाई की मांग कर रहे अनुपम पेशे से पेट्रोल पंप संचालक हैं। उन्हें पूर्व सांसद एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय कुमार का करीबी बताया जाता है। अनुपम का आरोप है कि उन्होंने करीब 10 महीने पहले राजेंद्र नगर सोसाइटी में कथित घोटाले का मामला उजागर करते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद से वह लगातार साकची थाना और विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं।
अनुपम के अनुसार, लंबे समय से शिकायत करने के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से वह निराश हो चुके थे। उनका आरोप है कि पुलिस और संबंधित सरकारी अधिकारियों की उदासीनता के कारण उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

