पेट्रोल छिड़ककर वाइन शॉप में लगाई आग, फिर मोबाइल से बनाया वीडियो, CCTV में कैद हुई पूरी घटना
राष्ट्र संवाद संवादाता
रांची: राजधानी के पंडरा इलाके में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने स्कूटी से पहुंचकर वाइन शॉप के शटर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और इसके बाद मौके से भागने के बजाय मोबाइल निकालकर जलती हुई दुकान का वीडियो बनाने लगा। उसकी पूरी हरकत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
युवक आराम से दुकान के सामने रुका, शटर पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। आग की लपटें उठते ही उसने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। कुछ देर तक वीडियो बनाने के बाद वह स्कूटी से मौके से फरार हो गया।
हालांकि आरोपी की मंशा दुकान को आग के हवाले करने की थी, लेकिन आग शटर से आगे नहीं फैल सकी। समय रहते आग बुझ जाने से वाइन शॉप को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पंडरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई देने के बाद पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे आरोपी का मकसद क्या था।

