86 नहीं अब 144 बस्तियों को मालिकाना हक देने की कवायद फिर शुरू : आशुतोष राय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। वरीय जदयू नेता आशुतोष राय ने कहा है कि शहर की 86 बस्तियों को मालिकाना हक देने की प्रक्रिया एक बार फिर शुरू होने जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2006-07 में तत्कालीन विधायक सरयू राय इस मुद्दे पर विधानसभा में विधेयक लेकर आए थे, लेकिन उस समय किसी ने उनका साथ नहीं दिया।
अब वही मुद्दा दोबारा उठाया जा रहा है, हालांकि आज बस्तियों की संख्या 86 से बढ़कर 144 से अधिक हो चुकी है। राय ने कहा कि जब तक यह प्रस्ताव विधानसभा से पारित नहीं होता, तब तक मालिकाना हक का मामला केवल जुमलेबाजी ही साबित होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार के समय भी यह विधेयक पारित नहीं हुआ, बल्कि उसमें एक ऐसा क्लॉज जोड़ दिया गया, जिसे शिथिल किए बिना मालिकाना हक देना संभव नहीं है। राज्य सरकार ने भी विधानसभा में इस बात को स्वीकार किया है।
राय ने कहा कि यदि वास्तव में जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर गंभीर हैं, तो सभी को एक साथ बैठकर विचार-विमर्श करना होगा ताकि बस्तियों के निवासियों को वास्तविक मालिकाना हक दिलाने का समाधान निकले।

