बोकारो में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
राष्ट्र संवाद संवादाता
माराफारी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए राहुल कुमार उर्फ गुड्डू को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से गांजा की पुड़िया, गांजा मिश्रित सिगरेट और नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बोकारो स्टील प्लांट गेट नंबर-09 के पास मादक पदार्थों की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस वाहन को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन गश्ती दल ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान युवक के पास से गांजा जैसी सामग्री की पांच पुड़िया बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान राहुल कुमार गुप्त उर्फ गुड्डु, उम्र 26 वर्ष, निवासी दुंदीबाग बाजार के रूप में हुई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दुंदीबाग बाजार स्थित एक गुमटी में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान गुमटी से करीब 700 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ, गांजा मिश्रित सिगरेट के 76 पीस, एक सिगरेट का डब्बा तथा 4205 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद सामान को जब्त करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में माराफारी थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लाता था और किन लोगों को इसकी आपूर्ति करता था।

