जमशेदपुर पुस्तक मेले में “दा लास्ट फाइट फॉर फ्रीडम” का लोकार्पण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के रविन्द्र भवन में आयोजित “जमशेदपुर पुस्तक मेला” में लेखक परेश कुमार नंदी की अंग्रेज़ी पुस्तक “The Last Fight for Freedom: An Unforgettable Journey Manipur” का भव्य लोकार्पण किया गया। अनावरण संयोजक आशीष चौधरी, सिनेमेटोग्राफर पार्थ भट्टाचार्य, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका संध्या प्रधान, आकाशवाणी के वरिष्ठ संचालक उत्पल दत्त और बंगाल क्लब के सचिव सौम्य सेन ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे। बाचिक कलाकार कमला मुखर्जी और मिठू मंडल ने कविता पाठ कर माहौल को गरिमामय बनाया।
पुस्तक में लेखक ने मणिपुर की प्रकृति, संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम के अंतिम चरण के संघर्ष, आज़ाद हिंद फ़ौज की भूमिका और द्वितीय विश्वयुद्ध की महत्वपूर्ण लड़ाइयों के कम ज्ञात इतिहास को शोधपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया है। यह कृति उत्तर–पूर्व भारत के भूले-बिसरे ऐतिहासिक अध्यायों को नए प्रकाश में सामने लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

