21 नवंबर से जामताड़ा में शुरू होगा आपकी योजना–आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में 21 नवंबर से 15 दिसंबर 2025 तक सभी पंचायतों एवं नगर निकायों में “आपकी योजना–आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा रवि आनंद ने इसकी रूपरेखा एवं शेड्यूल जारी करते हुए बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक योग्य लोगों तक योजनाओं का लाभ सैचुरेशन मोड में पहुँचना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रह जाए।
पंचायत स्तर पर लगने वाले इन शिविरों में जाति, आवासीय, आय प्रमाण पत्र, सर्वजन पेंशन, अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, छात्र क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना सहित कई लोक-कल्याणकारी योजनाओं के लिए आवेदन लिए जाएंगे। कई सेवाएँ एवं शिकायतें ऑन-द-स्पॉट निपटाई जाएँगी। स्कूली बच्चों के अवितरित जाति प्रमाण पत्र, धोती–साड़ी–लुंगी, कंबल समेत विभिन्न परिसंपत्तियों का वितरण भी शिविरों में ही किया जाएगा।
सभी प्रखंडों एवं नगर निकायों में तिथि के अनुसार शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों की प्रगति पोर्टल पर अपडेट होगी और लंबित आवेदनों का निष्पादन अधिकतम सात दिनों में सुनिश्चित किया जाएगा। जिले में व्यापक प्रचार-प्रसार एवं कार्यक्रम की निगरानी के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
