काशीडीह मारवाड़ी समाज ने धूमधाम से मनाया चतड़ा चौथ सिंधारा महोत्सव
परंपरा और मनोरंजन का संगम, फैंसी ड्रेस व टैलेंट हंट समेत कई प्रतियोगिताएं हुईं
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अंतर्गत मारवाड़ी समाज काशीडीह की ओर से शनिवार को साकची स्थित अग्रसेन भवन में चतड़ा चौथ सिंधारा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता काशीडीह समाज के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने की। मुख्य अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। गणेश वंदना के बाद अतिथियों का दुपट्टा और स्मृति-चिह्न देकर स्वागत किया गया।
विधायक सरयू राय ने कहा कि समाज की पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से होती है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ सामाजिक मेल-जोल और भाईचारे को मजबूत करते हैं। जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने कहा कि चतड़ा चौथ सिंधारा जैसे आयोजन सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

महोत्सव में गुड़धानी, डंका और जलपान की व्यवस्था के साथ फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, टैलेंट हंट, हाउजी, मैजिक शो एवं विभिन्न मनोरंजक खेल आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के उपाध्यक्ष नंद किशोर अग्रवाल, अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य संतोष अग्रवाल, प्रांतीय संयुक्त महामंत्री विमल अग्रवाल, भोला चौधरी सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। आयोजन में राखी शर्मा, संतोष माहेश्वरी, वसुंधरा खंडेलवाल और रश्मि अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे कार्यक्रम में पारंपरिक संस्कृति और मनोरंजन का संगम देखने को मिला।

