मानसून की पहली बारिश ने खोली मानगो-कपाली की बदहाल सड़क व्यवस्था की पोल
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर : मानसून की हल्की बारिश ने ही मानगो और कपाली क्षेत्र की बदहाल सड़क व्यवस्था की पोल खोल दी है। कुछ घंटों की बारिश के बाद ही कई प्रमुख सड़कों और गलियों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मानगो के जवाहरनगर, आजादनगर सहित कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर जाने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं कपाली क्षेत्र में भी मुख्य सड़कों और मोहल्लों में पानी जमा होने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। कई जगहों पर सड़क और नाले का अंतर खत्म हो जाने के कारण दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति बन जाती है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी सी बारिश में भी सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं।
जलजमाव के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने और प्रभावित क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाने की मांग की है, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।

