सुपौल में 7 वर्षीय बच्ची की बेरहमी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार; गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर में लगाई आग, पुलिस जांच में जुटी
राष्ट्र संवाद संवादाता
सुपौल जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र में एक सात वर्षीय मासूम बच्ची की कुदाल से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के घर में आग लगा दी। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा, स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
घटना सदर थाना क्षेत्र के परसरमा वार्ड संख्या-8 की है। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार की देर रात गांव निवासी शंभू शाह अपनी सात वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी के साथ दूध लेकर घर लौट रहे थे। शंभू शाह आगे-आगे चल रहे थे, जबकि प्रीति उनके पीछे हाथ में दूध की बोतल लिए घर की ओर आ रही थी।
इसी दौरान गांव के ही युवक राजू शाह ने अचानक बच्ची पर कुदाल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने इतने बेरहमी से वार किए कि बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
घटना के बाद आरोपी अपने घर में जाकर छिप गया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी के घर में आग लगा दी। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ राजीव रंजन के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी राजू शाह को सुरक्षित हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू की। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि आरोपी राजू शाह को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा सभी पहलुओं पर जांच जारी है। घटना के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

