कांग्रेस कार्यालय में स्व. अब्दुर्रज्जाक अंसारी की 109वीं जयंती मनाई गई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में पूर्व लोकप्रिय नेता एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय अब्दुर्रज्जाक अंसारी की 109वीं जयंती कांग्रेस कार्यालय, तिलक पुस्तकालय बिष्टूपुर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
जयंती कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता गुलरेज अख्तर अंसारी ने कहा कि अब्दुर्रज्जाक अंसारी वर्ष 1946 से राजनीति में सक्रिय रहे और प्रारंभ से ही मुस्लिम लीग तथा उसकी टू नेशन थ्योरी के प्रखर विरोधी थे। उनके अथक प्रयासों के कारण ही 1946 में छोटा नागपुर डिवीजन की सभी पांचों सीटें कांग्रेस के खाते में आईं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से प्रसन्न होकर तत्कालीन गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने उन्हें दिल्ली बुलाया था।
उन्होंने कहा कि देश की आज़ादी के बाद वर्ष 1948 में स्व. अंसारी ने प्राथमिक बुनकर सहयोग समिति की नींव रखी और सहकारिता आंदोलन के माध्यम से बुनकरों को संगठित किया। वर्ष 1978 में उन्होंने छोटा नागपुर रीजनल हैंडलूम वीवर्स को-ऑपरेटिव यूनियन लिमिटेड की स्थापना कर हस्तकरघा उद्योग से बुनकरों को जोड़ा।
गुलरेज अख्तर अंसारी ने बताया कि स्व. अब्दुर्रज्जाक अंसारी ने अपने क्षेत्र में शिक्षा के विकास के लिए 17 स्कूलों की स्थापना की। वर्ष 1938 में उनके द्वारा स्थापित मिडिल स्कूल आज भी उनकी स्मृतियों को जीवंत रखे हुए है
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने स्व. अब्दुर्रज्जाक अंसारी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें सच्चा राष्ट्रभक्त, समाजसेवी और जननेता बताया। नेताओं ने कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज को एकजुट रखने की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता राजकिशोर यादव, फजल खान, संजय सिंह आज़ाद, राजा ओझा, युवा अध्यक्ष नवनीत मिश्रा, सन्नी सिंह, अंकुश बनर्जी, राजीव मिश्र, अजय शर्मा, अमरजीत नाथ मिश्रा, आशीष ठाकुर, मथुरा प्रसाद, रणजीत सिंह, रंजन सिंह, कौशल प्रधान, चंदन सिंह, अमरजीत सिंह भाटिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

