जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा माह के तहत निकाली गई जागरूकता रैली
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा 1 जनवरी से 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिला प्रशासन के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
यह रैली उपायुक्त कार्यालय परिसर से निकाली गई, जिसे जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में प्रशासनिक अधिकारियों, परिवहन विभाग के कर्मियों, पुलिस जवानों तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
रैली उपायुक्त कार्यालय से प्रारंभ होकर बिष्टुपुर, साकची सहित शहर के प्रमुख मार्गों और क्षेत्रों से होकर गुजरी। इस दौरान प्रतिभागियों ने “हेलमेट जरूर पहनें”, “सीट बेल्ट लगाएं”, “तेज गति से वाहन न चलाएं”, “नशे में ड्राइविंग से बचें” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि यदि नागरिक नियमों का ईमानदारी से पालन करें, तो अधिकांश दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करने के बाद रैली पुनः उपायुक्त कार्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़कें सुरक्षित बन सकें।

