दुर्गा पूजा से पहले अवैध महुआ शराब के अड्डों पर छापेमारी, 12 हजार किलो जावा महुआ नष्ट

राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दुर्गा पूजा के मद्देनजर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। उत्पाद विभाग की टीम ने कोवाली थाना क्षेत्र के कुन्द्रुकोचा गांव और डुंगरीटोला में नदी किनारे तथा जंगल में संचालित अवैध महुआ शराब निर्माण स्थलों पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान 12,000 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया, जबकि 280 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई। छापेमारी के दौरान अवैध शराब निर्माण में शामिल आरोपी फरार मिले। उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त ने त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

