टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन ने मजदूर नेता माइकल जॉन की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन ने रविवार को महान मजदूर नेता स्वर्गीय माइकल जॉन की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। यूनियन परिसर में अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, कार्यकारी अध्यक्ष अनिल शर्मा, एच.एस. सैनी समेत तमाम ऑफिस बेयरर्स और कमेटी मेंबर्स ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया।

इसके बाद यूनियन का प्रतिनिधिमंडल बिष्टुपुर स्थित कब्रिस्तान पहुंचा, जहां उन्होंने माइकल जॉन की कब्र पर माल्यार्पण किया और मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि दी।

रक्तदान शिविर में यूनियन का योगदान
उसी दिन आदित्यपुर में स्वर्गीय प्रवीण सिंह की स्मृति में आयोजित महा रक्तदान शिविर में यूनियन का प्रतिनिधिमंडल भी शामिल हुआ। यूनियन सदस्यों ने न सिर्फ कार्यक्रम में भाग लिया बल्कि दर्जनों सदस्यों ने रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।

इस अवसर पर संस्था के संरक्षक और पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह ने कार्यक्रम स्थल पर यूनियन पदाधिकारियों का अभिवादन किया और उनके योगदान की सराहना की।


