जादूगोड़ा में साइबर अपराधियों पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, कोकदा गांव में मचा हड़कंप
मुख्य संवाददाता राष्ट्र संवाद
जादूगोड़ा। राज्य में तेजी से फैलते साइबर अपराध पर नकेल कसने के लिए जादूगोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। मुसाबनी के डीएसपी संदीप कुमार भगत के निर्देश पर थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल के नेतृत्व में शनिवार देर रात कोकदा गांव में छापेमारी कर दो युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ जारी है।

कोकदा गांव साइबर अपराध का गढ़ माना जाता है। यहां पहले भी पांच युवकों को इसी जुर्म में जेल भेजा जा चुका है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि गांव के कई युवा ऑनलाइन ठगी कर करोड़ों की संपत्ति बना चुके हैं। इस पर प्रशासन की कड़ी नजर है।

लगातार कार्रवाई से अपराधियों में खौफ का माहौल है। स्थानीय लोग अब अजनबियों को फोन नंबर देने से भी कतराने लगे हैं। कई मामलों में अपराधियों ने बैंक खातों का इस्तेमाल कर अवैध लेनदेन किया, जिससे कई खातों को बैंकों ने फ्रीज कर दिया है।

पुलिस की छापेमारी में राखा माइंस के एक युवक का नाम भी सामने आया है, जिसने साइबर ठगी से करोड़ों की संपत्ति अर्जित की। आरोप है कि वह अपने परिजनों और कर्मचारियों के बैंक खातों से लेन-देन कर रहा था। उसके नाम पर होटल, दुकानें और जमीनें खरीदी गई हैं।

डीएसपी संदीप भगत ने बताया कि कार्रवाई लगातार जारी है और सोमवार को मामले का बड़ा खुलासा होने की संभावना है। पुलिस के कड़े रुख से कई साइबर अपराधी इलाके से फरार हो चुके हैं, जबकि कुछ को पकड़ा गया है और पूछताछ की जा रही है।


