टाटा मोटर्स अस्पताल ने वर्ल्ड हार्ट डे पर वॉकथॉन कराया आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : वर्ल्ड हार्ट डे के अवसर पर टाटा मोटर्स हॉस्पिटल की ओर से शनिवार सुबह वॉकथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्लांट हेड सुनील तिवारी ने गुब्बारे उड़ाकर किया। इस मौके पर यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, डॉक्टरों, स्टाफ, नर्सेस, स्कूली बच्चों और कॉलोनीवासियों ने भाग लिया।
सुनील तिवारी और आरके सिंह ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की और स्वयं भी सहभागी बने। तिवारी ने संदेश दिया कि “खुद के लिए रोज 45 मिनट निकालिए, तभी एंबुलेंस की जरूरत नहीं पड़ेगी।” उनकी मजाकिया टिप्पणी पर लोग ठहाके लगाने लगे। उन्होंने कहा कि नियमित वॉक जीवन को स्वस्थ बनाए रखती है।
महामंत्री आरके सिंह ने आयोजन के लिए अस्पताल प्रशासन व डॉक्टरों को धन्यवाद देते हुए कहा कि कुछ किलोमीटर चलना स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद है। उन्होंने बताया कि पहले महज 40-50 लोग इस आयोजन में शामिल होते थे, लेकिन अब संख्या बढ़कर 300 तक पहुंच गई है।
डॉ. संजय कुमार ने कहा कि “चलना जीवन के लिए ईएमआई जैसा है, इसे नियमित कीजिए।”
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय कुमार और धन्यवाद ज्ञापन आरके सिंह ने किया।

