टाटा मोटर्स ने प्लांट थ्री की एलपी ट्रिम लाइन नारी शक्ति को समर्पित की
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा मोटर्स ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए प्लांट थ्री स्थित एलपी ट्रिम लाइन (फिटमेंट लाइन) का पूरा संचालन नारी शक्ति को समर्पित कर दिया। शुक्रवार को यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद के कार्यक्षेत्र में हुए इस कार्यक्रम में प्लांट हेड सुनील तिवारी, यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, डिवीजन हेड किरण नरेंद्रन, एचआर हेड प्रणव कुमार समेत प्रबंधन के कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

फीता काटकर एलपी ट्रिम लाइन का उद्घाटन किया गया। इस दौरान महिला कर्मियों ने पूरे अनुशासन के साथ कार्य के प्रति समर्पण दिखाया। प्लांट हेड सुनील तिवारी ने महिला कर्मियों से संवाद कर सेफ्टी, सेवा और कार्य पद्धति पर दिशा-निर्देश दिए।

महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि यह पहल लैंगिक समानता की दिशा में प्रबंधन की दूरदर्शी सोच का उदाहरण है। अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने भरोसा जताया कि महिला कर्मी इस लाइन को सफलतापूर्वक संचालित करेंगी और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उत्कृष्ट उदाहरण पेश करेंगी।


