ईंट भट्ठे पर निगरानी कर रहे युवक की संदिग्ध मौत नीमडीह थाना क्षेत्र के मुरु गांव की घटना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला। जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत नीमडीह थाना क्षेत्र के मुरु गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर निगरानी कर रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक के साथ दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान 41 वर्षीय खितिस चंद्र महतो के रूप में हुई है, जो मुरु गांव के निवासी थे। जानकारी के अनुसार मंगलवार को भट्ठे में ईंट पकाने के लिए आग लगाई गई थी। देर शाम भोजन के बाद खितिस चंद्र महतो भट्ठे की देखरेख के लिए घर से निकले थे, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटे।
बुधवार सुबह संपर्क नहीं होने पर परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। तलाशी के दौरान भट्ठे के समीप उनका शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही नीमडीह थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने बताया कि शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
पुलिस प्राकृतिक कारण, गैस के प्रभाव, दुर्घटना या अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

