निलंबित IAS विनय चौबे की 10 विदेश यात्राओं का खर्च साली ने उठाया, ACB की जांच में बड़ा खुलासा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
ACB की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि निलंबित IAS अधिकारी विनय चौबे और उनके पारिवारिक सदस्यों ने वर्ष 2017 से 2024 के बीच 10 विदेशी यात्राएं कीं। इन यात्राओं में अमेरिका, ब्रिटेन, इटली, ऑस्ट्रिया, डेनमार्क और थाईलैंड जैसे देश शामिल थे। करोड़ों रुपये खर्च वाली इन विदेश यात्राओं का संपूर्ण खर्च चौबे की साली शिखा ने उठाया, जिसे जांच एजेंसी बेहद संदेहास्पद मान रही है।
ACB का मानना है कि रिश्तेदार के माध्यम से खर्च करवाना “Indirect Payment System” का हिस्सा हो सकता है, जो काली कमाई को वैध दिखाने का हथकंडा माना जाता है। यात्राओं के टिकट, होटल और अन्य खर्चों के वास्तविक स्रोत का पता लगाने के लिए बैंक खातों, लेन-देन और यात्रा संबंधी दस्तावेजों की विस्तृत जांच जारी है। यह भी जांच हो रही है कि यात्राओं के बाद किसी रिश्तेदार या करीबी को कोई लाभ पहुंचा या नहीं।

