सुंदरनगर दुर्गापूजा पंडाल का विधायक मंगल कालिंदी ने किया उद्घाटन
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
सुंदरनगर दुर्गा पूजा समिति के पंडाल का जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की। मौके पर समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। समिति पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर विधायक को सम्मानित किया।
अपने संबोधन में मंगल कालिंदी ने कहा कि सुंदरनगर दुर्गा पूजा समिति हर वर्ष आस्था और सामाजिक एकता की मिसाल पेश करती है। मां दुर्गा शक्ति, शांति और समृद्धि की प्रतीक हैं। उन्होंने क्षेत्र में सुख-शांति और विकास की कामना करते हुए लोगों से त्योहार भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने आयोजन के लिए समिति को बधाई दी और कहा कि विधानसभा क्षेत्र की दुर्गापूजा समितियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए तत्पर हैं। विसर्जन के दौरान सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर प्रशासन के मुस्तैद रहने की बात भी कही।
कार्यक्रम में सुंदरनगर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष, महासचिव, सचिव, कोषाध्यक्ष, सभी सदस्य, स्थानीय वार्ड पार्षद, समाजसेवी और सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे।

