कोडिंग, रोबोटिक्स और एआई से रूबरू हुए विद्यार्थी
*गम्हरिया इंग्लिश स्कूल में एकदिवसीय कार्यशाला, विद्यार्थियों ने देखे तकनीक के व्यावहारिक प्रयोग*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और तकनीकी समझ विकसित करने के उद्देश्य से गम्हरिया इंग्लिश स्कूल में कोडिंग, रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के व्यावहारिक उपयोगों से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में टाटा स्टील के इंस्ट्रुमेंटेशन एंड कंट्रोल चीफ दीप्तक चटर्जी उपस्थित थे। विद्यालय के निदेशक सुब्रतो रॉय ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय की पहल की सराहना की।
कार्यशाला में कोडिंग, रोबोटिक्स और एआई से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों एवं प्रयोगों का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने गेम बनाने की प्रक्रिया समझी तथा मोबाइल फोन और ब्लूटूथ की मदद से नियंत्रित होने वाली कार का निर्माण एवं संचालन देखा। इन गतिविधियों के माध्यम से उन्हें तकनीक की कार्यप्रणाली को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिला।
कार्यशाला के आयोजन में शिक्षक पंकज कुमार, सत्यवान नम्रता, चारु प्रिया और विक्टर सहित अन्य शिक्षकों का योगदान रहा। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन कर कार्यक्रम को संवादात्मक और ज्ञानवर्धक बनाया।

