विश्व योग दिवस की पूर्व संध्या पर गोपबंधु विद्यापीठ में विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: विश्व योग दिवस की पूर्व संध्या पर टेल्को स्थित हाई स्कूल गोपबंधु विद्यापीठ में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अनुलोम-विलोम, कपालभाति, सूर्य नमस्कार, बालासन, वृक्षासन, वज्रासन, भुजंगासन सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षक मोनिका कुमारी एवं सोमनाथ बेहरा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य संजीव कुमार तिवारी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की उप-प्राचार्य मंजू कुमारी, शिक्षक चितरंजन मोहंती, सुभाष चंद्र नायक, लक्ष्मीकांत गिरी, लड्डू केसर पटनायक तथा शिक्षिकाएँ नीलम प्रभात, बी.पी. पति, निक्की श्वेता, पी. कामेश्वरी, सुनीता कुमारी एवं रजनी कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग करने तथा स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने का संकल्प दिलाकर किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के बीच योग के प्रति उत्साह और जागरूकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।

