*वंचित छात्रों के चेहरे पर लौटी मुस्कान: इंतजार खत्म, उत्क्रमित उच्च विद्यालय कालीमाटी में मिला साइकिल का तोहफा*
राष्ट्र संवाद संवाददाता
लंबे इंतजार के बाद उत्क्रमित उच्च विद्यालय, कालीमाटी (जेम्को आजाद बस्ती) के उन छात्रों के चेहरे आखिरकार खुशी से खिल उठे, जो शैक्षणिक सत्र 2025-26 में साइकिल योजना के लाभ से वंचित रह गए थे। शनिवार को अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रतिनिधि सदस्य करनदीप सिंह द्वारा इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) से पहल की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ ने त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रखंड कल्याण पदाधिकारी कौशल कुमार को तत्काल साइकिल वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निर्देश के आलोक में शनिवार को विद्यार्थियों के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। कई महीनों की प्रतीक्षा के बाद नई साइकिल मिलने से बच्चों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
साइकिल लेकर विद्यालय पहुंचे विद्यार्थियों ने प्रधानाध्यापक धनंजय श्रीवास्तव, शिक्षक राकेश कुमार सिंह, शिक्षिका कंचन कुमारी तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रतिनिधि सदस्य करनदीप सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए खुशी जाहिर की। विद्यालय परिसर में बच्चों की मुस्कान इस बात की गवाह बनी कि समय पर मिला अधिकार उनके आत्मविश्वास और शिक्षा के सफर को नई गति देगा।

