*दो पिस्टल समेत हथियारों का जखीरा बरामद*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
संजय शर्मा
सरायकेला जिले की चौका पुलिस ने अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की साजिश रच रहे छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से आते हैं और पूर्व से आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं।
एसपी मनोज स्वर्गायारी ने सोमवार को चौका थाना में प्रेसवार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी। मौके पर एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार और चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
*बंद स्कूल में बना रहे थे बड़ी वारदात की योजना*
पुलिस को सूचना मिली थी कि चौका थाना क्षेत्र के मटकमडीह टोला चुटियाखाल स्थित बंद नव प्राथमिक विद्यालय, बरियाबेड़ा में कुछ अपराधी एकत्रित हुए हैं और बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार और कुचाई थाना प्रभारी रविंद्र कुमार मुंडा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने स्कूल की घेराबंदी कर छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
*नक्सल प्रभावित इलाकों से आते हैं आरोपी*
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनसा सिंह मुंडा, चंबुराम मुंडा उर्फ चमुरा, सोमा मुंडा उर्फ सब्जी, देबेन मुंडा, सोमा मुंडा उर्फ करपा और रामजीत मुंडा उर्फ मंगरा मुंडा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कुचाई और चौका थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित इलाकों के रहने वाले हैं। इनके खिलाफ चौका और कुचाई थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्टल, एक जिंदा कारतूस (के एफ 7.65), लोहे का चाकू, दाउली, हथौड़ी, स्प्लेंडर, करिज्मा और अपाचे बाइक, सात मोबाइल फोन, हेलमेट और टी-शर्ट बरामद किए हैं।
*तीन लूटकांडों का खुलासा*
पूछताछ में आरोपियों ने 19 अगस्त को बनसा शराब दुकान में लूट के प्रयास, उसी दिन उरमाल स्थित माधुरी पेट्रोल पंप से मोबाइल और नकदी लूट तथा तीन सितंबर को घाटदुलमी स्थित माउंट व्यू होटल में दो मोबाइल की छिनतई में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने इन घटनाओं में लूटे गए मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
इस मामले में चौका थाना कांड संख्या 39/2026 दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

