लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
बलिया. प्रखंड क्षेत्र के दियारा इलाके में गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है. हालांकि सोमवार को जलस्तर स्थिर रहने की बात बताई गयी. बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने बलिया पहुंचे बखरी विधायक सह गन्ना मंत्री संजय पासवान ने सनहा-गोरगामा बांध के शादीपुर ढाला पर पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों के लिये चलाये जा रहे सामुदायिक किचन का निरीक्षण किया।
उन्होंने वहां मौजूद बाढ़ पीड़ितों से भोजन की गुणवत्ता, मिलने वाली सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली. मंत्री संजय पासवान ने सामुदायिक किचन में तैयार किये जा रहे भोजन को देखा और बाढ़ पीड़ितों से भोजन की गुणवत्ता के संबंध में सीधे बातचीत की।
इसके बाद वे एनडीआरएफ की टीम, अपने सुरक्षाकर्मियों तथा अधिकारियों के साथ दियारा क्षेत्र के शादीपुर, सैदपुर, नौरंगा, नगरगामा सहित कई बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचकर प्रभावित लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी।
मंत्री ने लोगों से कहा कि आपदा की इस घड़ी में धैर्य बनाये रखें. सरकार की ओर से बाढ़ पीड़ितों के लिये आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है. किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर स्थानीय एसडीओ, सीओ एवं बीडीओ से संपर्क कर अपनी समस्या रखे ताकि उसका समाधान कराया जा सके।
मंत्री के दौरे के दौरान एसडीओ सह आईएएस अजय यादव, डीएसपी सुबोध कुमार, बीडीओ संतोष कुमार, सीओ आकाश कुमार, थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार मौजुद थे. मौके पर लोजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विभूति भूषण, एससी-एसटी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुजीत कुमार पासवान, युवा जिलाध्यक्ष अजय टाइगर, जिला उपाध्यक्ष गोविंद पासवान, प्रखंड अध्यक्ष सच्चिदानंद पासवान, लोजपा नेता भोला पासवान, रूपनारायण पासवान, दिलीप पासवान, राजेश पासवान सहित पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
गन्ना मंत्री ने की राहत कार्यों की समीक्षा
बाढ़ पीडि़तों के लिये 52 नावों का कराया जा रहा है परिचालन बाढ़ में फंसे लोगों का आवागमन सुलभ करने को लेकर स्थानीय प्रशासन के द्वारा बाढ़ प्रभावित पंचायत में कुल 52 नावों का परिचालन रविवार तक कराया गया है. जिसमें ताजपुर में 14, भवानंदपुर में 7, भगतपुर में 2, पहाड़पुर में 8 एवं परमानंदपुर में 21 शामिल है।
सामुदायिक रसोई और राहत सामग्री वितरण
गांवों में 52 जगहों पर चलाये जा रहे हैं सामुदायिक रसोई रविवार को बाढ़ प्रभाव पंचायत के गांवों में रह रहे लोगों के लिये सामुदायिक रसोई चलने को लेकर राशन का उठाव हुआ. जिसमें 52 जगह पर सोमवार से सामुदायिक रसोई शुरू हुई है. इसकी जानकारी सीओ आकाश कुमार के द्वारा दी गयी है. जबकि बाढ़ प्रभावित 2560 लोगों के बीच पॉलीथिन शीट का भी वितरण किया गया है।
अधिकारियों ने चखा सामुदायिक रसोई का भोजन
एसडीओ ने सामुदायिक रसोई में भोजन कर चखा स्वाद बाढ़ प्रभावित लोगों के लिये सनहा-गोरगामा बांध पर चलाये जा रहे सामुदायिक रसोई में सोमवार को आईएएस अधिकारी सह एसडीओ अजय यादव ने भोजन कर खाना का स्वाद चखा. उन्होंने बनाये गये भोजन पर संतुष्टि जाहिर करते हुये ठीकठाक बताया. उनके साथ थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार, मुखिया शिवनंदन कुमार ने भी भोजन किया।
