चार बच्चों समेत सात महिलाएं जख्मी, दो की हालत गंभीर, बोलेरो जब्त, अस्पताल पहुंचकर जेएमएम नेता ने जाना हाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गिरिडीह जिला के सरिया थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम सरिया डीएवी पब्लिक स्कूल के समीप एक ऑटो और बोलेरो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो में सवार दर्जनभर लोग घायल हो गए। घायलों में चार बच्चे और सात महिलाएं भी शामिल हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सरिया स्थित सत्यप्रभा हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इनमें दो घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सवारियों से भरा ऑटो सरिया डीएवी पब्लिक स्कूल के समीप से गुजर रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो से ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को वाहन से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
हादसे में घायल लोगों में मास्टर मोइन रजा, जुलेखा खातून, खलील अंसारी, पार्वती देवी, रीना देवी, आनंद कुमार, गुड़िया कुमारी और डॉली कुमारी समेत अन्य लोग शामिल हैं। बताया गया कि घायलों में कई महिलाएं और बच्चे हैं। अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में घायलों का उपचार किया जा रहा है।
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद सरिया पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बोलेरो को जब्त कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर जेएमएम नेता शत्रुध्न मंडल भी सत्यप्रभा हॉस्पिटल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के इलाज की जानकारी ली और गंभीर रूप से घायल लोगों के बेहतर उपचार को लेकर आवश्यक जानकारी ली।
सरिया डीएवी पब्लिक स्कूल केसमीप हुए इस हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

