राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जमशेदपुर में ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। इसी क्रम में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष दलबल के साथ जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय पहुंचे और पूरे न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी ने कोर्ट परिसर के तीनों प्रवेश द्वारों का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों का भी अवलोकन किया तथा कंट्रोल रूम पहुंचकर कैमरों की मॉनिटरिंग व्यवस्था की जांच की। इसके साथ ही न्यायालय में तैनात सुरक्षा कर्मियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने कहा कि न्यायालय परिसर में आने वाले सभी लोगों की सख्त और व्यवस्थित जांच की जाएगी तथा प्रवेश करने वालों का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि शहर के सभी बड़े संस्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। ईमेल के माध्यम से बम धमकी देने वालों की पहचान करने के लिए पुलिस लगातार काम कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घबराने या पैनिक होने की जरूरत नहीं है, पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
वहीं अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने प्रशासन से कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पहले भी न्यायालय परिसर में कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके कारण वकीलों के बीच डर का माहौल बना रहता है। उन्होंने कोर्ट के बाहर स्थायी रूप से पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती करने की भी मांग जिला प्रशासन से की है।

