
सौतेली मां पर प्रताड़ना का आरोप, दो मासूम भाइयों को ग्रामीणों ने पानी भरे गड्ढे से निकाला
पुलिस कर रही मामले की जांच, सौतेली मां ने आरोपों से किया इनकार
खोदावंदपुर/बेगूसराय। खोदावंदपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया, जहां दो मासूम भाइयों को पानी भरे गड्ढे की ओर जाते देख ग्रामीणों ने समय रहते उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया. दोनों बच्चों ने अपनी सौतेली मां पर प्रताड़ित करने और घर से निकाल देने का आरोप लगाया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. बताया जाता है कि दोनों बच्चे समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना अंतर्गत गोविंदपुर गांव निवासी बबलू शाह के पुत्र हैं. इनमें एक की उम्र करीब पांच वर्ष तथा दूसरे की तीन वर्ष बतायी गयी है. बड़े बच्चे ने अपना नाम गुलशन कुमार तथा छोटे भाई का नाम आर्यन कुमार बताया है..बच्चे के अनुसार, उसकी मां की मृत्यु के बाद उसके पिता ने दूसरी शादी खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के मेघौल गांव निवासी श्याम सुंदर साहु उर्फ सोंडा की पुत्री मौसम कुमारी से की थी. बताया गया कि पिता रोजगार के सिलसिले में पंजाब में रहते हैं और दोनों बच्चे अपनी सौतेली मां के साथ मेघौल में रह रहे थे. बड़े बच्चे ने ग्रामीणों के समक्ष आरोप लगाया कि गुरुवार की सुबह उसकी सौतेली मां ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट की और उन्हें घर से निकाल दिया. इसके बाद दोनों बच्चे घर से निकलकर करीब दो किलोमीटर दूर बहियार की ओर पहुंच गये और पानी भरे गड्ढे के पास चले गये. इसी दौरान मलमल्ला गांव के कुछ ग्रामीणों की नजर दोनों मासूमों पर पड़ी. ग्रामीणों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बच्चों को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना अन्य ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को दी. स्थानीय मुखिया की पहल पर दोनों बच्चों को पुलिस के हवाले कर दिया गया.
इस संबंध में खोदावंदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है. जांच के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
वहीं बच्चों की सौतेली मां मौसम कुमारी ने प्रताड़ना के आरोपों से इनकार किया है. उनका कहना है कि दोनों बच्चे काफी शरारती हैं और अक्सर घर से बाहर निकल जाते हैं. उन्होंने बताया कि गुरुवार की सुबह से ही वह दोनों बच्चों की तलाश कर रही थी.

