मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए संध्या सिंह ने भरा पर्चा, नामांकन यात्रा में “विकास, स्वच्छता और सुशासन” के नारों की गूंज

राष्ट्र संवाद संवाददाता
मानगो नगर निगम के मेयर पद के लिए एनडीए समर्थित प्रत्याशी संध्या सिंह ने मंगलवार को अभूतपूर्व जनसमर्थन के बीच अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पूर्व उन्होंने अपने आवास से निकलकर क्षेत्र के वरिष्ठजनों का आशीर्वाद लिया तथा हनुमान मंदिर और शीतला मंदिर में पूजा-अर्चना कर आमबागान से नामांकन यात्रा का शुभारंभ किया। यह यात्रा विशाल जनसैलाब के रूप में उपायुक्त कार्यालय तक पहुँची।
नामांकन यात्रा के दौरान “विकास, स्वच्छता और सुशासन” के नारों से क्षेत्र गूंज उठा। अब तक के नामांकनों में इसे सबसे बड़ी और ऐतिहासिक भीड़ वाली यात्रा बताया जा रहा है। मानगो के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में नागरिक, महिलाएं और युवा इसमें शामिल हुए।

इस अवसर पर एनडीए के सभी घटक दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, वरिष्ठ भाजपा नेता अभय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, चंद्रशेखर मिश्रा, ब्रह्मदेव शर्मा, जदयू जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, लोजपा जिलाध्यक्ष सतीश सिंह, आजसू जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। नामांकन के दौरान गंगा साहू और अशोक राम प्रस्तावक के रूप में मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए संध्या सिंह ने कहा कि मानगो केवल एक इलाका नहीं, बल्कि लाखों लोगों की उम्मीदों का शहर है। उन्होंने मानगो को स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित नगर बनाने का संकल्प दोहराते हुए महिला सशक्तिकरण, बेहतर सफाई व्यवस्था, नियमित जलापूर्ति, सड़क-नाली सुधार और पारदर्शी नगर प्रशासन को अपनी प्राथमिकताएं बताया।


