मोतरा-बादम में बवाल: BGR कंपनी के पोटा केबिन पर आधी रात को चला ‘हथौड़ा’,
राष्ट्र संवाद संवादाता
बड़कागांव बादम-गोंदलपुरा कोल परियोजना के खिलाफ चल रहे बहुचर्चित आंदोलन के बीच बीती रात क्षेत्र में एक बड़ी घटना सामने आई है। बादम-मोतरा मुख्य मार्ग पर स्थित एनटीपीसी की एमडीओ (MDO) कंपनी बीजीआर (BGR) के पोटा केबिन को आधी रात को अज्ञात लोगों द्वारा पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात (मध्य रात्रि) अज्ञात तत्वों ने पोटा केबिन में जमकर तोड़फोड़ की और उसे मलबे में तब्दील कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना प्रभारी अपने दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, जब इस संबंध में थाना प्रभारी से बात की गई, तो उन्होंने फिलहाल मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल कोई भी आधिकारिक जानकारी देने से इनकार कर दिया। पुलिस प्रशासन पूरे लाव-लश्कर के साथ मामले की गहन जांच में जुट गया है
ग्रामीणों में भारी आक्रोश
इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में जबरदस्त प्रतिक्रिया देखी जा रही है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए तीखे शब्दों में कहा:
”यह पोटा केबिन एक रावण रूपी कंपनी की लंका जैसा था, जिसे आज बजरंगबली जैसे न्यायप्रिय लोगों ने ढहा दिया है। हमारी जमीनों और पर्यावरण के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
गौरतलब है कि बीजीआर कंपनी द्वारा करीब एक वर्ष पूर्व इस पोटा केबिन को यहां स्थापित किया गया था। स्थापना के बाद से ही स्थानीय ग्रामीणों और रैयतों के बीच तीव्र असंतोष था।
बादम, गोंदलपुरा समेत आस-पास के कई गांवों के ग्रामीण कोल कंपनियों के खिलाफ एकजुट होकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। इस केबिन के बनने के बाद से ही क्षेत्र में स्थिति लगातार तनावपूर्ण बनी हुई थी, जो बीती रात इस बड़े बवाल के रूप में सामने आई।
फिलहाल, घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

