रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
झारखंड के सबसे बड़े औद्योगिक जिले सरायकेला-खरसावां में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। कपाली ओपी क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई लूट और फायरिंग की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। जानकारी के अनुसार बाइक सवार बेखौफ अपराधियों ने पिस्तौल की नोक पर एक माइक्रो फाइनेंस कर्मी से करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। बताया जा रहा है कि कर्मी विभिन्न क्षेत्रों से वसूली कर लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसे रोक लिया और हथियार के बल पर नकदी छीन ली। जब पीड़ित ने विरोध करने की कोशिश की तो अपराधियों ने सरेआम फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया। इस सनसनीखेज वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बाइक सवार अपराधी घटना को अंजाम देते स्पष्ट नजर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है तथा जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है।

