‘साझी शहादत-साझी विरासत’ सेमिनार की तैयारियों की समीक्षा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : सर्वोदय समिति जमशेदपुर की तैयारी समिति की बैठक एशियन इन होटल, धातकीडीह में अध्यक्ष रियाजउद्दीन खान की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 13 सितंबर 2026 को बिष्टुपुर के माइकल जॉन ऑडिटोरियम में शाम 3:30 बजे आयोजित होने वाले ‘साझी शहादत-साझी विरासत’ सेमिनार की तैयारियों की समीक्षा की गई। आमंत्रण पत्र का लोकार्पण भी किया गया।
अध्यक्ष रियाजउद्दीन खान और महासचिव मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य देश की साझा संस्कृति, सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करना तथा साझा इतिहास एवं विरासत के प्रति लोगों को जागरूक करना है। सेमिनार में तारिक अनवर, आनंद मोहन, अजय कुमार लल्लू, केशव महतो कमलेश, डॉ. अजय कुमार, बन्ना गुप्ता, सुधा गुप्ता समेत कई राजनीतिक, सामाजिक एवं श्रमिक क्षेत्र के लोग शामिल होंगे।
बैठक में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी, सामाजिक संस्थाओं को आमंत्रित करने तथा शहर में बैनर-पोस्टर लगाने समेत कार्यक्रम की अन्य तैयारियों पर चर्चा की गई।

