शिक्षा विभाग की समीक्षा, सभी लक्ष्यों की समयसीमा तय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने की। बैठक में समग्र शिक्षा व प्रधानमंत्री पोषण योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिले के शेष 2000 बच्चों के बैंक खाते इसी माह में खोलने के निर्देश दिए गए।

प्री-मैट्रिक व पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति समय पर DBT के जरिए छात्रों को देने, 22 अगस्त तक साइकिल वितरण पूरा करने, और सभी शिक्षकों को इसी माह CDP का ऑनलाइन प्रशिक्षण समाप्त करने के आदेश दिए गए। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत 15 अगस्त तक 100% पौधारोपण तथा स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के लिए सभी स्कूलों का पंजीकरण एक सप्ताह में पूर्ण करने को कहा गया।

ई-विद्यावाहिनी पर छात्र उपस्थिति रोजाना अपलोड करना अनिवार्य किया गया है, लापरवाही पर कार्रवाई होगी। उप विकास आयुक्त ने कहा कि योजनाओं की समयबद्ध पूर्ति जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।


