जमशेदपुर में डेंगू से जंग, टास्क फोर्स ने कसी कमर डेंगू नियंत्रण को लेकर टास्क फोर्स की बैठक, जन-जागरूकता और निगरानी पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार समाहरणालय सभागार में डेंगू नियंत्रण एवं रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने की।

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में अब तक 28 डेंगू मरीज चिन्हित किए गए हैं। प्रभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है और रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विभाग और निजी संस्थान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एंटी-लार्वा स्प्रे, सफाई कार्य और जागरूकता अभियान नियमित रूप से चलाएं।

उन्होंने सभी अस्पतालों को रोजाना रिपोर्ट उपलब्ध कराने, नए मामलों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जन-जागरूकता के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों और स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया। नुक्कड़ नाटक, पोस्टर और अन्य माध्यमों से लोगों को बचाव के उपाय बताने पर जोर दिया गया।

निर्माणाधीन भवनों व जलजमाव वाले स्थलों की नियमित जांच और सफाई सुनिश्चित करने, शहरी क्षेत्रों में लगातार फॉगिंग व नालों की सफाई करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न माध्यमों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, उप नगर आयुक्त जेएनएसी कृष्ण कुमार, डीएमओ डॉ. ए. मित्रा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, एमओआइसी सहित निजी अस्पतालों, कंपनियों, जुस्को और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


