10 अगस्त को जमशेदपुर में सनातन सेवा ट्रस्ट का फ्री मेगा हेल्थ कैंप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : सनातन सेवा ट्रस्ट द्वारा 10 अगस्त 2025 (रविवार) को फ्री मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम संयोजक सोनू ठाकुर ने बताया कि ट्रस्ट ग्रामीण एवं शहरी स्लम इलाकों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर समाज के हर वर्ग को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

शिविर का आयोजन प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक कानू भवन, हनुमान मंदिर के पास, संकोसाई रोड नंबर 1, डिमना रोड, जमशेदपुर में होगा। इसमें जनरल फिजिशियन, स्त्री रोग, हड्डी रोग, ईएनटी, न्यूरोलॉजी, दंत रोग, फिजियोथेरेपी और चर्म रोग के विशेषज्ञ डॉक्टर परामर्श देंगे। बीपी, शुगर, अन्य रक्त जांच एवं मुफ्त दवा वितरण की भी व्यवस्था होगी।

स्पंद मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राम कुमार ने बताया कि उनके अस्पताल की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम शिविर में भाग लेगी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

प्रेसवार्ता में ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य डॉ. राजीव कुमार, वेद प्रकाश उपाध्याय, जिला पार्षद कुसुम पूर्ति, वीर सिंह, सागर राय, सुजीत वर्मा, राहुल, बंटी गुप्ता, सतनाम सिंह, प्रभात शंकर तिवारी, सुर विराली, चंदन उपाध्याय, सुजीत आदित्य, रमेश सहित कई लोग उपस्थित थे।


