राष्ट्र संवाद संवाददाता
चक्रधरपुर स्थित पश्चिमी सिंहभूम जिले में हुए राज तांती हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर कानून-व्यवस्था के प्रति अपनी तत्परता का प्रभावी उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है। चाईबासा में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रभारी एसडीपीओ बहामन टूटी ने बताया कि हत्या धारदार हथियार से की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान प्राप्त डिजिटल साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की गई, जिसके बाद थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि घटना से एक दिन पूर्व मृतक और उसके साथियों द्वारा उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल छीन लिए गए थे तथा उसके साथ मारपीट की गई थी। इसी अपमान और आक्रोश में उसने बदला लेने की योजना बनाई और राज तांती पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू उसके घर के पीछे नाली से बरामद किया। साथ ही खून से सने कागज और घटना के समय पहनी गई जींस भी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस त्वरित कार्रवाई के बाद क्षेत्र के नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की सराहना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर हुई कार्रवाई से अपराधियों में भय और आम जनता में विश्वास का माहौल बना है।

