राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत डाटोबेड़ा गांव के 31 वर्षीय युवक शशांक गोप की छत्तीसगढ़ में करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मिली
जानकारी के अनुसार, शशांक गोप छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में वजरुन इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत थे। इस कंपनी में बड़े मालवाहक वाहनों की बॉडी बनाने का काम होता है। शंशाक कंपनी में वेल्डिंग का कार्य करते थे। गुरुवार को ड्यूटी के दौरान शंशाक को अचानक करंट लगने से उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डाटोबेड़ा गांव में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, अब तक शशांक गोप का शव गांव नहीं पहुंच पाया है। गांव के लोग व परिजन शंशाक का शव लाने बिलासपुर गए हैं। कंपनी द्वारा मृतक के आश्रित परिवार को बतौर मुआवजा राशि देने की घोषणा किया गया है। तत्काल 2 लाख रुपए दिए गए हैं। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के समक्ष अब जीवन यापन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

