कदमा में 20 लाख की डकैती का पुलिस ने किया खुलासा, तीन अपराधी गिरफ्तार — SIT टीम की बड़ी कार्रवाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में 9 अक्टूबर की शाम हुई करीब 20 लाख रुपये की डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में विशेष जांच दल (SIT) ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना के संबंध में वादी दीप राज दास, पिता दिलीप दास, निवासी रामनगर रोड नं.-02, होल्डिंग नं.-01 द्वारा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी कि 9 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे 7–8 अज्ञात व्यक्ति हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुसे और परिवार को एक कमरे में बंधक बनाकर जेवरात एवं अन्य कीमती सामान, कुल मूल्य लगभग 20 लाख रुपये, लूट कर फरार हो गए।
इस मामले में कदमा थाना कांड संख्या 96/25, दिनांक 11-10-2025, धारा 310(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में गठित SIT टीम ने पेशेवर तरीके से जांच करते हुए घटना का खुलासा किया और तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया:गुड्डू पाजी उर्फ़ श्रवण कुमार निर्मलकर परसुडीह
विजय उर्फ़ विशाल सवैया, सोमाय झोपड़ी, थाना – बागबेड़ा शिवम कालिंदी, धालभूमगढ़
गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक बुलेट मोटरसाइकिल को भी बरामद कर विधिवत जप्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, सभी अभियुक्तों का पूर्व में हत्या एवं आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराधों का आपराधिक इतिहास रहा है।
SIT टीम ने इससे पहले भी इस कांड में संलिप्त पांच अन्य अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। फिलहाल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

