धनबाद में प्रिंस खान के गुर्गों से पुलिस की मुठभेड़, दो अपराधियों के पैर में लगी गोली
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धनबाद में प्रिंस खान के गुर्गों से पुलिस की मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जबकि एक अपराधी मौके से फरार हो गया। घटना बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कुड़मीडीह कृषि बाजार समिति के पीछे की है। पुलिस की गाड़ी पर भी गोली लगने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, दोनों अपराधी बाइक संख्या जेएच 10 डीके 7487 पर सवार होकर जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, वे प्रिंस खान के भाई गोपी खान से फोन पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों के पैर में गोली मारकर उन्हें घायल कर दिया।
घायल अपराधियों की पहचान इरफान अंसारी और नन्हें अंसारी के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, उनका एक साथी मौके से फरार हो गया।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि दोनों अपराधी किसी व्यक्ति से लेवी वसूलने के लिए जा रहे थे। हालांकि, वे किससे लेवी लेने जा रहे थे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में छानबीन शुरू कर दी है। फरार अपराधी की तलाश के साथ ही पुलिस दोनों घायल अपराधियों के संपर्कों और उनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

