मोदी ने बिहार में महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर दिया, राजद पर तीखा हमला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पटना/नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर हमला बोलते हुए कहा कि उसके शासनकाल में महिलाओं को सबसे अधिक कष्ट झेलने पड़े। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि लालू प्रसाद के नेतृत्व वाली पार्टी और उसके सहयोगियों को सत्ता में वापस न आने दें।
मोदी ने डिजिटल माध्यम से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत की, जिसके तहत बिहार की 75 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इस राशि को उद्यम की सफलता के आधार पर दो लाख रुपये तक बढ़ाया जा सकता है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब बिहार की महिलाओं के दो भाई हैं—नीतीश और मोदी—जो उनकी भलाई के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और मुफ्त राशन जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और कई केंद्रीय एवं राज्य मंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जुड़े। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने महिलाओं से अपील की कि वे राजग सरकार के प्रलोभनों में न आएं और नेताओं की नीयत पहचानें।
प्रधानमंत्री ने महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर देने के साथ-साथ सेना, पुलिस और वायुसेना में शामिल होने तथा स्वरोजगार के लिए किराना, बर्तन, कॉस्मेटिक और खिलौने जैसी दुकानें खोलने के विकल्प भी सुझाए।
इस योजना के तहत बिहार जल्द ही देश में सबसे अधिक ‘लखपति दीदियों’ वाला राज्य बनने की दिशा में अग्रसर है।

