राष्ट्र संवाद संवाददाता
झारखंड राज्य कुश्ती संघ की ओर से आगामी 7 व 8 जून को बोकारो में होने वाले राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए सरायकेला खरसावां जिला कुश्ती संघ के बैनर तले शुक्रवार को चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शुक्रवार को गम्हरिया के टायो कॉलोनी में आयोजित कुश्ती खिलाड़ी चयन प्रतियोगिता के मौके पर बतौर अतिथि जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, सचिव अखिलेश्वर प्रसाद, विशिष्ट अतिथि सुरेश नारायण चौधरी, प्रणव रॉय, भारतीय ट्राइबल मार्शल आर्ट झारखंड के महासचिव सह सरायकेला खरसावां जिला हॉकी संघ के सचिव अमित कुमार मोदक आदि उपस्थित थे। अतिथियों द्वारा बजरंगबली के चित्र पर माल्यार्पण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका में सुरेश नारायण चौधरी एवं प्रणव राय मौजूद थे। इसके तहत अंडर-23 सीनियर पुरुष फ्री स्टाइल, ग्रीको रोमन स्टाइल एवं महिला खिलाडियों का चयन किया गया। इस चयन प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 25 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के पश्चात पुरुष वर्ग में प्राण दास, नीरज कुमार, देवाशीष सिंह, दीपक कुमार, पूर्ण शशि महतो, प्रसन मंडल, राजेश लोहार तथा महिला वर्ग में बबली टुडू, किरण टुडू, रूपमणि मुर्मू, चांदनी महाली, चन्दना सिंह और तुलसी सोरेन का चयन किया गया। बताया गया है कि सभी चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सरायकेला-खरसावां जिला टीम की ओर से शामिल होंगे। उक्त टीम के साथ कोच के रूप में प्रणव रॉय एवं सुरेश नारायण चौधरी मौजूद रहेंगे।

