राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां, कपाली ओपी क्षेत्र के इस्लामनगर में जमीन विवाद के दौरान हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पश्चिम बंगाल के बड़ा बाजार क्षेत्र से दबोचा गया। शुक्रवार को उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। उक्त आशय की जानकारी चांडिल एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने आयोजित प्रेसवार्ता में दी.
उन्होंने जानजारी देते हुए बताया 2 जून को इस्लामनगर में जमीन का कार्य करा रहे अफसर नवाज पर जानलेवा हमला किया गया था। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें मारने की नीयत से फायरिंग की थी। घटना के बाद पीड़ित के बयान पर चांडिल (कपाली ओपी) थाना कांड संख्या 80/2026 दर्ज किया जिसमे 5 नामदर्ज अभियुक्त सहित 3 अज्ञात के विरुद्ध पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, भौतिक साक्ष्य और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मुख्य आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू (42 वर्ष) को पश्चिम बंगाल के पुलिलया रोड, बड़ा बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी इस्लामनगर, कपाली का रहने वाला है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामला दर्ज हो चुका है।
छापेमारी टीम में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, एएसआई रंजीत कुमार सिंह, अनुसंधानकर्ता हीरालाल मुंडू, टाइगर मोबाइल के जवान विपुल कुमार तिवारी एवं दस्तगीर आलम सहित तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

