राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कोवाली थाना परिसर में मंगलवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुसाबनी के डीएसपी रोहित कुमार रजवार, अंचल अधिकारी निकिता बाला एवं थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए डीएसपी रोहित कुमार रजवार ने कहा कि मुहर्रम जुलूस में डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी तथा जुलूस पारंपरिक मार्ग से ही निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगीऔर ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी प्रशासन को गुप्त रूप से देने की अपील की।
डीएसपी ने लोगों से सोशल मीडिया के प्रति सजग रहने का आग्रह करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक या अपुष्ट खबर को बिना सत्यापन के व्हाट्सएप या अन्य माध्यमों से साझा न करें।
अंचल अधिकारी निकिता बाला ने भी सभी से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मुहर्रम मनाने की अपील की। वहीं थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव ने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।
बैठक में जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल, हल्दीपोखर पश्चिमी पंचायत के पूर्व मुखिया शैयद जबीउल्लाह, हल्दीपोखर पूर्वी की मुखिया देवी कुमारी भूमिज, पंचायत समिति सदस्य दुखनी माई सरदार, उप मुखिया ओम प्रकाश गुप्ता, पिंटू भांज, बाला उद्दीन, शाहिद परवेज राजू समेत शांति समिति के कई सदस्य उपस्थित थे।

