जमशेदपुर
बकरीद को लेकर मानगो थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित, प्रशासन ने दिए जरूरी निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में आगामी 28 मई को मनाए जाने वाले बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को मानगो थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अर्णव मिश्रा ने की, जबकि इस दौरान एएसपी ऋषभ द्विवेदी भी मौजूद रहे।
बैठक में मानगो थाना शांति समिति के सभी सदस्यों ने भाग लिया और पर्व के दौरान क्षेत्र में उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं एवं स्थानीय मुद्दों से प्रशासन को अवगत कराया। इस दौरान सदस्यों ने साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव भी दिए।
एसडीओ अर्णव मिश्रा ने समिति के सदस्यों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी समस्याओं का त्वरित निष्पादन किया जाएगा तथा बकरीद के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की।

