परसुडीह में ब्राउन शुगर के साथ पांच गिरफ्तार, 80 पुड़िया बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परसुडीह थाना क्षेत्र से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से 80 पुड़िया में कागज सहित करीब 15.76 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया है। शुक्रवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस कार्रवाई की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि परसुडीह में ब्लॉक के पीछे स्थित अनाज गोदाम के पास कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन कर रहे हैं। इसके बाद डीएसपी सुमित कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम कुमार सिंह, शिवम कुमार सिंह, सूरज कुमार तिवारी, अमरजीत कुमार सिंह और अजय यादव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान गौतम के पास से 12, शिवम से 15, सूरज से 22, अमरजीत से 17 और अजय से 14 पुड़िया बरामद की गईं।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने एक स्थानीय व्यक्ति से मादक पदार्थ मिलने की जानकारी दी है। इसके आधार पर कथित सप्लायर और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। मामले में परसुडीह थाना कांड संख्या 107/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

