चाईबासा ब्रेकिंग
रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में नगर परिषद चुनाव के मतदान के बाद बुधवार रात हत्या की एक बड़ी वारदात सामने आई है। चक्रधरपुर के गैंगखोली इलाके में एक युवक की भुजाली से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई, जिससे पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार शीतला मंदिर वार्ड संख्या-7 निवासी राज तांती गैंगखोली क्षेत्र में कुछ युवकों के साथ मिलकर धंधा करता था। इसी दौरान एक युवक ने उससे अपने उधार दिए पैसे वापस मांगे। पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच पहले बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हमलावर युवक ने भुजाली से राज तांती के गले और पेट पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उसका गला बुरी तरह कट गया। गंभीर रूप से घायल राज तांती किसी तरह अपना गला दबाते हुए वहां से भागकर अपने घर शीतला मंदिर क्षेत्र पहुंचा, लेकिन अधिक खून बह जाने के कारण वह जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता मारतुल तांती ने धर्मेन्द्र प्रधान के पुत्र सन्नी प्रधान पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उधार के पैसों को लेकर सन्नी ने ही मारपीट की और भुजाली से गला काटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पोड़ाहाट डीएसपी कुमार विनोद, थाना प्रभारी अवधेश कुमार समेत पुलिस बल अस्पताल पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। सूत्रों के मुताबिक मामला ब्राउन शुगर से जुड़े विवाद से भी संबंधित हो सकता है, जिसको लेकर चक्रधरपुर में पिछले कुछ दिनों से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि पुलिस ने इसे जांच का विषय बताते हुए फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

