तीन लोगों के एचआईवी पॉजिटिव मिलने से मचा हड़कंप, रांची से छह सदस्यीय जांच टीम पहुंची चाईबासा सदर अस्पताल
*मीडिया से बचते दिखे अधिकारी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा:एक ही परिवार के तीन सदस्यों के एचआईवी पॉजिटिव पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची से स्वास्थ्य विभाग की छह सदस्यीय टीम मंगलवार को चाईबासा सदर अस्पताल पहुंची और पूरे प्रकरण की जांच-पड़ताल की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त परिवार ने चाईबासा सदर अस्पताल के ब्लड बैंक पर एचआईवी संक्रमित खून चढ़ाए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। इसी आरोप की जांच के लिए रांची से आई टीम ने सदर अस्पताल पहुंचकर सिविल सर्जन सहित अन्य संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की और ब्लड बैंक से जुड़े दस्तावेजों एवं फाइलों की गहन जांच की।
जांच के बाद जब टीम बाहर निकली तो पत्रकारों के सवालों से बचते हुए पदाधिकारी मुंह छिपाकर वहां से निकलते नजर आए। किसी भी अधिकारी ने मीडिया से खुलकर बात नहीं की, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं।
इस पूरे मामले पर चाईबासा की सिविल सर्जन डॉ. भारती मिंज ने सिर्फ इतना कहा कि मामले की जांच चल रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी चाईबासा सदर अस्पताल का ब्लड बैंक विवादों में रहा है। एक बार फिर एचआईवी संक्रमित खून चढ़ाए जाने के आरोप ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि लापरवाही कहां हुई और जिम्मेदार कौन है।

